Hapur News: हापुड़ के एक मैरिज हाउस में हंगामा मच गया जब जयमाला की रस्म के दौरान दूल्हा अचानक स्टेज पर बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद शादी की रस्में रुक गईं और दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष पर बीमारी छिपाने और नशा करने का आरोप लगाते हुए बारातियों को बंधक बना लिया।
पुलिस ने शांत कराया मामला
जयमाला के समय गिरा दूल्हा
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के विजय नगर से मिंटू नाम के युवक की बारात बुलंदशहर रोड स्थित एक मैरिज हाउस आई थी। बारात का भव्य स्वागत हुआ और दूल्हे ने दोस्तों के साथ जमकर डांस भी किया। लेकिन जैसे ही जयमाला के लिए दूल्हा स्टेज पर पहुंचा, वह अचानक चक्कर खाकर गिर गया। दूल्हे के गिरते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
दुल्हन पक्ष के गंभीर आरोप
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हा या तो नशे में था या उसे मिर्गी के दौरे आ रहे थे। दुल्हन ने बताया कि दूल्हे की ऐसी हालत देखकर वह काफी डर गई और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे दूल्हे की बीमारी की बात छिपाई गई और शादी के बीच में स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग भी की गई। गुस्से में आए वधू पक्ष के लोगों ने बारातियों को बंधक बना लिया और काफी देर तक हंगामा होता रहा।
दूल्हा पक्ष की सफाई
दूसरी ओर, दूल्हे के भाई ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि शादी के शोर-शराबे, भारी भीड़ और गर्मी के कारण दूल्हे की तबीयत खराब हो गई थी। अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर पता चला कि दूल्हे का ब्लड प्रेशर का लेवल 160 तक पहुंच गया था, जिससे वह बेहोश हुआ। उन्होंने नशे या किसी पुरानी बीमारी की बात को महज अफवाह करार दिया है। फिलहाल दूल्हे को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
