Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम बीती रात गोलियों की ताबड़तोड़ फायरिंग से गूंज उठा। पॉल्ट्री फार्म चलाने के विवाद में करीब एक दर्जन युवकों ने देर रात पहले एक युवक को जमकर पीटा और फिर उसे गोली मार दी। इसके बाद ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करते हुए हुआ फरार हो गए। गोली लगने से घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी साउथ, एसीपी के साथ क्राइम ब्रांच और भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि सभी आरोपी तब तक फरार हो चुके थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि नूंह का एक पुलिस अधिकारी पॉल्ट्री फार्म बंद करने का दबाव बना रहा है, उसने ही अपने आदमी भेजे थे।
गुरुग्राम में विवाद में चली गोली। -प्रतीकात्मक तस्वीर
पीड़ित के भाई जयकरण व चाचा रविंद्र ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि भोंडसी एरिया में उनका एक पॉल्ट्री फार्म स्थित है। इसको चलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इस पॉल्ट्री फार्म को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट होने के साथ गोली भी चल चुकी है। उन मामलों में भी दोनों पक्षों के खिलाफ सेक्टर-65 व भोंडसी थाना पुलिस में केस दर्ज है। पीड़ित परिवार ने बताया कि, बीती रात मोहित अपने भाई जयकरण के साथ खेड़ला स्थित अपने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में मोहित का भाई सामान लेने एक दुकान में गया, तभी पीछे से बाइक और कार पर आए करीब एक दर्जन युवकों ने मोहित को घेर गाड़ी से नीचे उतार लिया।
भाई को बचाने आ रहे जयकरण पर भी चलाई गोली
जयकरण ने बताया कि आरोपियों ने मोहित की गाड़ी को तोड़ने के साथ उस पर लाठी-डंडो से हमला बोल दिया। इसके बाद उसे गोली मार दी। यह देख जब मैं शोर मचाता हुआ उनकी तरफ भागा तो आरोपियों ने उस पर भी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। वारदात के बाद आरोपियों की एक गाड़ी पलट गई जिसके बाद वह गाड़ी को मौके पर ही छोड़ गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि, खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाला एक व्यक्ति मोहित पर लंबे समय से इस बिजनेस को बंद करने का दबाव बना रहा है। उसी ने अपने आदमियों के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी साउथ उपासना ने कहा कि, पूरे मामले की जांच की जा रही है। अगर इसमें किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता मिलती है तो उस पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
