Kaithal News: हरियाणा के कैथल से पकड़े गए देवेंद्र सिंह मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। पुलिस ने उसकी डिजिटल डिवाइस से डेटा रिकवर किया है, जिसमें खुलासा हुआ है कि वो पाकिस्तान के चार खुफिया एजेंटों को व्हाट्सऐप वीडियो कॉल या वीडियो के माध्यम से सूचनाएं भेज रहा था। इन एजेंटों में एक महिला का नाम भी शामिल है। देवेंद्र सिंह ने पटियाला मिलिट्री कैंट की भी जानकारी साझा की थी।
देवेंद्र सिंह के राज का हुआ खुलासा
पुलिस जांच में पता चला है कि देवेंद्र सिंह अपने पास दो मोबाइल रखता था। हालांकि, हरियाणा और पंजाब से पकड़े गए अन्य आरोपियों के साथ उसका कोई लिंक नहीं मिला है। फोरेंसिक जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस उसे आज कोर्ट में पेश कर सकती है और जांच बढ़ाने के लिए फिर से रिमांड पर ले सकती है।
3 दिन की रिमांड आज समाप्त
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार देवेंद्र सिंह की तीन दिन की रिमांड आज समाप्त हो रही है, जिसके बाद पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी। रिमांड के दौरान पुलिस को कुछ अहम सबूत भी मिले हैं। इस पूरे मामले की जांच कैथल की एसपी आस्था मोदी की अगुवाई में हो रही है।
