Gurugram: साइबर सिटी गुरुग्राम की अंदरुनी सड़कों और हाईवे पर होने वाले हादसों को कम करने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस बड़ी योजना पर काम कर रही है। ट्रैफिक पुलिस अब शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर 200 से ज्यादा स्थानों पर क्रश बैरियर लगाने जा रही है। ये सभी क्रश बैरियर पुराने टायर से बनाए गए हैं। धुंध व रात के समय में चेतावनी के लिए इनमें रिफ्लेक्टर भी लगाए जा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इन्हें लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन बैरियर पर वाहनों के टकराने से जहां वाहन को कम नुकसान होगा, वहीं इससे मृत्यु दर में भी कमी आएगी।
साइकिल पर रिफ्लेक्टर लगाते पुलिसकर्मी
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने निजी कंपनी के साथ मिलकर इस अभियान को शुरू किया है। इसके तहत ट्रैफिक पुलिस द्वारा खेड़की दौला टोल प्लाजा पर दोनों तरफ क्रश बैरियर लगाए गए। यहां पर अभी तक सीमेंट के बैरियर लगे हुए थे। इससे टक्कर होने पर वाहन के साथ चालक को भी भारी नुकसान पहुंचता था। जिस वजह से इन्हें हटा दिया गया। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने शहर में साइकिल और बाइकों पर भी रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान शुरू किया है। पुलिस की टीमें फैक्ट्रियों में जाकर लोगों को रिफ्लेक्टर बांट रही हैं।
