Gurugram: दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे पर वाहनों का दबाव कम करने और लोगों को हैवी ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को आने वाले माह में आवगमन के लिए खोल दिया जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अनुसार, 29 किमी लंबे द्वारका एक्सप्रेसवे के पहले चरण में बन रहे 19 किमी के हिस्से को मई के पहले सप्ताह में वाहनों के लिए खोलने का फैसला किया गया है। जबकि इस पूरे एक्सप्रेसवे को अगस्त तक खोलने के लिए समय-सीमा तय की गई है। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से गुरुग्राम के सफर बेहद आसान और तेज रफ्तार हो जाएगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे
बता दें कि, द्वारका एक्सप्रेसवे के प्रथम खंड को पहले मार्च या अप्रैल माह में खोला जाना था, लेकिन इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में देरी हुई है। इस देरी के कारणों का अब एनएचएआई अलग से समीक्षा भी कर रही है। साथ ही निर्माण एजेंसियों को बचा हुआ कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। एनएचएआई के अनुसार इस एक्सप्रेसवे के तैयार होने से दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे के ऊपर भी करीब डेढ़ लाख वाहनों का दबाव कम होगा। आठ लेन के द्वारका एक्सप्रेसवे से इन दोनों शहरों के बीच वाहनों को रफ्तार मिलेगा। इसके साथ ही हरियाणा और पंजाब की तरफ आने-जाने वाले वाहन भी इस एक्सप्रेसवे का फायदा उठा सकेंगे।
