Gurugram: नव वर्ष के जश्न के लिए गुरुग्राम तैयार है। गुरुग्राम में हर साल दिल्ली-एनसीआर से हजारों युवा न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए आते हैं। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस भी न्यू ईयर जश्न पर होने वाली भीड़ को लेकर अपनी पुख्ता तैयारियों में जुटी है। जश्न के दौरान किसी भी घटना या हादसे को रोकने लिए पुलिस ने सख्त सुरक्षा प्लान तैयार किया है। गुरुग्राम पुलिस उन सभी लोगों की लिस्ट तैयार करेगी जो 31 दिसंबर की रात को शहर के पब एंड बार, क्लब तथा रेस्टोरेंट में होने वाली पार्टी में शामिल होंगे। पुलिस उनके नाम, स्थान के साथ मोबाइल नंबर भी एकत्रित करेगी।
रात में वाहनों की जांच करती गुरुग्राम पुलिस (फाइल फोटो)
इस संबंध में गुरुग्राम पुलिस ने सभी क्लब, पब तथा बार संचालकों को एक पहचान रजिस्टर बनाने का आदेश दिया है। क्लब संचालकों को इन रजिस्टर को संबंधित थाने की तरफ से ड्यूटी पर लगे पुलिस अधिकारी को रात 10 बजे तक सौंपना होगा। जिससे पार्टी में शामिल होने वाले लोगों की पूरी जानकारी पुलिस के पास पहले ही पहुंच जाएगी। इस रजिस्टर को लगातार अपडेट किया जाता रहेगा। पुलिस ने सभी क्लब और बार संचालकों को निर्देश दिया है कि, बगैर किसी का पता लिए उसे पार्टी में एंट्री न दें। लापरवाही बरतने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे 31 दिसंबर की रात किसी भी हादसे या वारदात में आरोपियों की पहचान में मदद मिलेगी।
