Gurugram News: गुरुग्राम के एक दुकानदार को कुछ युवकों को शराब न देना भारी पड़ गया। इससे गुस्साए करीब आधा दर्जन युवक दुकान का ताला तोड़ कर अंदर घुस आए और दुकानदारों पर जानलेवा हमला बोल दिया। दुकान में सो रहे तीन लोगों को आरोपियों ने लाठी-डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची सेक्टर-14 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम में शराब के लिए दुकानदारों पर जानलेवा हमला। (सांकेतिक फोटो)
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित मोनू ने बताया कि, वह शीतला कॉलोनी में रहता है और सेक्टर-12 माता रोड पर उसकी बांस-बल्ली की दुकान है। पीड़ित ने बताया कि, वह बीती रात अपनी दुकान पर मौसेरे भाई नीरज व पड़ोसी अजय के साथ सोया हुआ था। तभी वहां पर शराब के नशे में एक व्यक्ति पहुंचा और उससे शराब की बोतल मांगने लगा। मोनू ने बताया कि, उसने उस व्यक्ति को शराब लेने के लिए शराब के ठेके पर जाने कहा तो वह उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। मोनू ने कहा कि, इसके कुछ देर बाद वह चला गया और वह भी वापस से सो गया।
तीनों गंभीर रूप घायल, सफदरजंग किया गया रेफर
पीड़ित मोनू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि, करीब एक घंटे बाद वह व्यक्ति अपने आधा दर्जन साथियों के साथ वहां पर पहुंचा और वे दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस आए। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। जब मोनू को बचाने उसके मौसेरे भाई नीरज और पड़ोसी अजय आए तो उनको भी डंडे से पीटा। मारपीट का शोर सुनकर जब पड़ोसी जाग गए और एकत्रित होने लगे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। तीनों को पड़ोसियों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
