Gurugram: गुरुग्राम की सड़कों पर रोजाना जाम में फंसने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर को जाम से राहत देने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) बख्तावर चौक पर अंडरपास का निर्माण करने जा रहा है। यह अंडरपास हुड्डा सिटी सेंटर की तरफ से सुभाष चौक की तरफ बनाया जाएगा। इस अंडरपास को बनाने के लिए जीएमडीए की 11वीं बैठक में मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी है। इसका निर्माण जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। जिसके बाद हुड्डा सिटी सेंटर की तरफ आने-जाने वाले लाखों लोगों को फायदा होता है। अभी ऑफिस टाइम में लोगों को रोजाना हीरो होंडा चौक से सिटी सेंटर तक कई घंटे जाम से जूझना पड़ता है।
जीएमडीए की 11वीं बैठक लेते मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
जीएमडीए अधिकारियों ने इस योजना के बारे में बताया कि, हुड्डा सिटी सेंटर से लेकर हीरो होंडा चौक तक ट्रैफिक को बिना रुकावट चलाने के लिए पहले यहां पर फ्लाईओवर बनाए जाने का प्लान था, लेकिन अब यहां पर अंडरपास बनाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, अभी हाल ही में बख्तावर चौक पर एक बड़ी जापानी कंपनी द्वारा जमीन खरीदी गई है। यहां पर उक्त जापानी कंपनी एक बड़ा प्रोजेक्ट लेकर आ रही है। इसलिए इस कंपनी के प्रस्ताव पर यहां पर मेट्रो द्वारा स्टेशन बनाया जाना है। जीएमडीए का फ्लाईओवर इस मेट्रो प्रोजेक्ट में रूकावट बन रहा था, इसलिए अब यहां पर अंडरपास बनाया जाएगा।
