Gurugram: गुरुग्राम में हैवानियत का एक दिल दहला देने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां के एक दंपत्ति पर नाबालिग भाई बहन को गोद लेकर यौन शोषण करने का आरोप लगा है। इस मामले में कोलकाता के एक संगठन ने इस दंपत्ति के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि, इस पूरे मामले का खुलासा दोनों बच्चों के मेडिकल परीक्षण के दौरान हुआ। जिसके बाद इंडियन सोसाइटी फॉर रिहैबिलिटेशन के दीपक सिन्हा की शिकायत पर कोलकाता के रवींद्र सरोबर पुलिस थाना ने दंपत्ति के खिलाफ प्रताड़ित करने और यौन शोषण का मामला दर्ज किया।
गोद लिए नाबालिग बच्चों का यौन शोषण (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, गुरुग्राम सेक्टर 10 में रहने वाले नितिन और उनकी पत्नी ने इस साल 30 मार्च को कोलकाता से एक 4 साल के बच्चे और 2 साल की उसकी छोटी बहन को लीगल तरीके से गोद लिया था। इसके बाद इस दंपत्ति ने 12 जुलाई को दोनों बच्चों को वापस कोलकाता छोड़ आया। वापस आने के बाद दोनों भाई बहन को आश्रय गृह भेजने से पहले डॉक्टरों के एक बोर्ड से उनकी मेडिकल जांच कराई गई। पुलिस को शिकायत देने वाले दीपक सिन्हा ने बताया कि, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद हम सभी सन्न रह गए। मेडिकल रिपोर्ट में दोनों बच्चों के साथ यौन शोषण और प्रताड़ना का खुलासा हुआ।
