Gurugram New Year Traffic Advisory: नए साल का धूमधाम से स्वागत के लिए हम सभी तैयार हैं। इस खास मौके पर ज्यादातर युवा बार और क्लाबों में दोस्तों के साथ पार्टी कर न्यू ईयर सेलिब्रेट करते हैं। न्यू ईयर पर गुरुग्राम में युवाओं का हुजूम उमड़ता है। इस भीड़ को ध्यान में रखकर गुरुग्राम पुलिस ने इस बार विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कर रखी है। अगर आप दोस्तों के साथ नए साल की पार्टी मनाने गुरुग्राम जा रहे हैं, तो थोड़ा संभलकर। इस शहर में आपको कई जगहों पर ट्रैफिक पाबंदियों के अलावा सड़क पर पुलिस का पहरा नजर आएगा। ऐसे में अगर आपने गलती से ड्रिंक एंड ड्राइव या अन्य किसी तरह का कानून तोड़ा तो नया साल पुलिस के हवालात में भी मनाना पड़ सकता है।
वाहनों की जांच करती गुरुग्राम पुलिस
गुरुग्राम डीसीपी ईस्ट विजेंद्र विज ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि 31 दिसंबर की रात असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुग्राम पुलिस के अनुसार शहर में 100 से अधिक जगहों पर बड़े फंक्शन का आयोजन हो रहा है। जिसे ध्यान में रखकर सहारा मॉल, मेट्रोपोलिटन मॉल, ब्रिस्टल होटल, विपुल अरोड़ा बिल्डिंग, डीटी सिटी सेंटर, जेएमडी मॉल, केओडी सेक्टर-29, सेक्टर-29 हुड्डा ग्राउंड, गलरिया मार्केट, एंबियंस मॉल, डीएलएफ साउथ पॉइंट मॉल, सहारा ग्रेस चक्करपुर रोड, नाका ब्रिस्टल चौक, गुड अर्थ मॉल, साइबर हब, नाका सिकंदरपुर, नाका इफ्को चौक और नाका वेस्टन होटल टी-पॉइंट जैसी जगहों को मिलाकर पूरे शहर में वाहनों की जांच के लिए 60 नाकेबंदी की जाएगी। इन जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
