Gurugram: गुरुग्राम में जानलेवा हमले का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के के बेगमपुर खटोला में रहने वाले एक व्यक्ति की पत्नी ने उसे छोड़कर उसके खास दोस्त से शादी कर ली, इस बात से नाराज पति ने अपने दोस्त को ही गोली मार दी। गोली उसकी गर्दन में लगी। गंभीर रूप से घायल होने पर युवक को सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में रेफर किया गया है। इस मामले में महिला ने अपने पूर्व पति के खिलाफ बादशाहपुर थाना पुलिस में मामला दर्ज कराया है। जिसके बाद पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा है कि, मुझे अपनी पत्नी से कोई शिकवा नहीं, दोस्ती में दगा मिली, इसलिए गोली मार दी।
युवक ने दोस्त को मारी गोली (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इस जानलेवा हमले के मामले में यूपी के मेरठ की रहने वाली सपना की तरफ से पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। महिला ने बताया कि, उसने आठ माह पूर्व दूसरी शादी की थी। वह अपने दूसरे पति के साथ बेगमपुर खटोला में किराये के एक मकान में रहती है। महिला ने बताया कि, उसकी पहली शादी मेरठ के अकबरपुर निवासी रिंकू से हुई थी। इस शादी से दो बच्चे भी हैं। इस शादी से वह खुश नहीं थी, इसलिए उसने अकबरपुर के रहने वाले सोहन से दूसरी शादी कर ली। महिला अपने साथ अपने दोनों बच्चों को भी लेकर आई थी। महिला का आरोप है कि रात करीब आठ बजे सोहन ड्यूटी से घर पहुंचा था। इसी दौरान वहां पर रिंकू पहुंचा और उसने सीधे सोहन को गोली मार दी।
