क्राइम ब्रांच को वजीराबाद एटीएम लूट कांड में मिली सफलता, कुएं से बरामद हुई ATM मशीन, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के वजीराबाद इलाके से कुछ बदमाश एक्सिस बैंक की एटीएम मशीन लूटकर हरियाणा फरार हो गए। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों की तलाश में हरियाणा के कई गांवों में दबिश की, जिसके बाद मेवात जिले में एक कुएं से एटीएम मशीन को जब्त किया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

Mewat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में क्राइम बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों दिल्ली के वजीराबाद इलाके से एटीएम लूट का एक मामला भी सामने आया था, जिसमें क्राइम ब्रांच ने आखिरकार बड़ी सफलता हासिल की । जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच ने इस वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों नदीम और समीर को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी हरियाणा के मेवात जिले के रहने वाले हैं और कुख्यात इमरान गैंग के सदस्य हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार और लूट के पैसों में से कुछ रकम बरामद की है। इतना ही नहीं पुलिस ने कुएं से एटीएम मशीन को भी बरामद किया है।

एटीएम मशीन उखाड़कर ले गए बदमाश

पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात 5-6 फरवरी की रात करीब 3:50 बजे हुई। बैंक के कंट्रोल रूम में एटीएम में गड़बड़ी का अलर्ट मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो देखा कि एटीएम मशीन को उखाड़कर ले जाया गया है। जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले एटीएम के सीसीटीवी कैमरे पर काला स्प्रे किया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद पूरी मशीन को उखाड़कर हरियाणा के मेवात ले गए। यहां गैस कटर की मदद से उसे काटकर उसमें से करीब 29 लाख 12 हजार 800 रुपये निकाल लिए। चोरी के पैसे आपस में बांटने के बाद एटीएम मशीन को एक कुएं में फेंक दिया और ऊपर से सुखी टहनियां डालकर उसे छिपाया।

End of Feed