Gurugram News: गुरुग्राम नगर निगम साइबर सिटी के नेचर लवर्स को एक खास तोहफा देने जा रहा है। यहां के अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में इंटरप्रेटेशन सेंटर और दुर्लभ वृक्षों का संग्रह बनाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, यहां पर हर साल वर्ल्ड लेवल पर वाइल्ड लाइफ तस्वीरों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश-विदेश के फोटोग्राफर जीव-जंतुओं की तस्वीरों का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा यहां पर अरावली के मूल पेड़-पौधों की नर्सरी भी तैयार की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार नगर निगम ने यह पूरी योजना हीरो मोटोकॉर्प के साथ मिलकर तैयार किया है। इस संबंध में निगमायुक्त पीसी मीणा ने बीते दिन एमजी रोड स्थित अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क का दौरा कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क
निगम अधिकारियों के अनुसार, पार्क के देखरेख और सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम और हीरो मोटोकॉर्प के बीच एक एमओयू हुआ है। जिसके बाद से कंपनी इस पार्क को बेहतर बनाने में जुटी है। निगमायुक्त ने पार्क में अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट डंपिंग को पूरी तरह रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अब पार्क के अंदर सुरक्षा गार्डों को तैनात करने पर भी सहमति बनी है। पार्क का निरीक्षण करते समय निगमायुक्त ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को पार्क के अंदर गश्त बढ़ाने को कहा है।
