Haryana Police : असम के बाद अब हरियाणा में भी अनफिट पुलिसकर्मियों की शामत आ गई है। असम की तर्ज पर यहां पर भी मोटे पुलिस वालों को जल्द से जल्द से फिट होने का अल्टीमेटम दे दिया गया है। बताया गया है कि उनका ट्रांसफर फील्ड से अब पुलिस लाइन में किया जाएगा। राज्य गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पूरे प्रकरण के बारे में निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि पुलिस सेवा में कार्य कर रहे जिन कर्मियों का वजन बढ़ चुका है उनका स्थानंतरण जल्द से जल्द पुलिस लाइन में किया जाए। सभी पुलिसकर्मियों को योग और अभ्यास के जरिए फिट किया जाए ताकि बाद में वे अपनी ड्यूटी पर लग सकें।
हरियाणा पुलिस। (सांकेतिक फोटो)
पुलिसकर्मियों की सेहत है जरूरी
हरियाणा के राज्य गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज जारी किए गए निर्देश में कहा है कि पुलिस सेवा में काम कर रहे कर्मियों का सेहतमंद होना जरूरी है। जिन पुलिसकर्मियों का वजन ज्यादा है या बढ़ता ही जा रहा है उनका ट्रांसफर पुलिस लाइन में कर देना चाहिए। क्योंकि इन्हीं कारणों से वे अपनी ड्यूटी सही ढंग से नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए अब इस दिशा में कदम उठाना नितांत आवश्यक है।
योगाभ्यास ही एकमात्र उपाय
अनलि विज ने कहा है कि, जिन पुलिसकर्मियों का वजन बढ़ रहा है या बढ़ चुका है उन्हें पुलिस लाइन भेजा जाए और जब तक वे पूरी तरह से फिट नहीं हो जाते हैं उनसे योगाभ्यास कराया जाए। राज्य में क्राइम और क्रिमिनल पर नकेल कसने के लिए अब ये जरूरी हो गया है कि पहले पुलिसकर्मियों को फिट किया जाए। हरियाणा क्राइममुक्त तभी हो सकेगा जब पुलिसकर्मी चुस्त दुरुस्त होंगे।
योगा ट्रेनर रहेगा मौजूद
अब तक प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन में योगा ट्रेनर की नियुक्ति भी कराई जाएगी ताकि पुलिसकर्मी फिट हो सके और उन्हें योगाभ्यास के सही तरीके मालूम हो सकें। इसके अलावा फार्मासिस्ट को भी तैनात किया जाएगा जो सभी पुलिसकर्मियों की रोज की एक्टिविटी दर्ज कराएगा ताकि उसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जा सके।
