Rohit Godara-Goldy Brar Gang: हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में असलहा बरामद किया गया।
रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गिरोह के कई सदस्य गिरफ्तार
क्या-क्या हुआ बरामद
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से चार विदेशी निर्मित पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ करनाल ने करनाल क्षेत्र से रमन और लोकेश को उस समय गिरफ्तार किया जब वह एक बुलेटप्रूफ वाहन में घूम रहे थे। इसके बाद 14 जनवरी को इसी मामले में दो और आरोपियों बलराज उर्फ बलराम और रविंदर उर्फ रवि को कैथल क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े नेटवर्क के लिए भी काम कर चुके हैं। एसटीएफ की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अमेरिका में रहते हुए आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। 23 दिसंबर 2024 को स्टॉकटन, कैलिफोर्निया में गैंगस्टर सुनील यादव उर्फ गोलिया की हत्या में उनकी भूमिका सामने आई है, जिसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर ली गई थी।
जबरन वसूली का चलाते थे रैकेट
इसके अलावा 18 अक्टूबर, 2025 को फ्रेजनो, कैलिफोर्निया में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर पर हुए जानलेवा हमले की साजिश में भी आरोपियों की भूमिका थी। इस मामले में बनवारी गोदरा की मौके पर मौत हुई थी। विस्तृत जांच में सामने आया कि आरोपी विदेशी जमीं में बैठकर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में जबरन वसूली का रैकेट चला रहे थे और रंगदारी ने देने पर फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम देते थे।
