Weather Update: हरियाणा और पंजाब में भीषण ठंड का कहर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में मौसम विभाग ने विभिन्न अलर्ट जारी किए हैं। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के 9 जिलों और हरियाणा के 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कई जिलों में कोहरा और कोल्ड डे के साथ शीतलहर की संभावना के साथ ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच दोनों राज्यों में पारा तेजी से लुढ़क रहा है। कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है तो वहीं गुरुग्राम और बठिंडा में अलग ही स्थिति देखने को मिल रही है।
गुरुग्राम और बठिंडा में 0.6 डिग्री पहुंचा पारा (Photo-iStock)
गुरुग्राम और बठिंडा में 0.6 डिग्री पहुंचा तापमान
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और दोनों ही स्थानों पर रात का तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम और बठिंडा दोनों जगह रविवार की रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा के अधिकांश स्थानों और उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है और कई क्षेत्रों में कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है।
कहां कितना रहा तापमान
पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 1.8 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में दो डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 4.2 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.3 डिग्री सेल्सियस और मनसा में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में नारनौल दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 2.6 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 3.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 4.5 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(इनपुट - भाषा)
