Gujarat News: गांधीनगर के महात्मा मंदिर में आयोजित 'गुजरात सेमीकनेक्ट कॉन्फ्रेंस-2026' के उद्घाटन के बाद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुजरात के रेल नेटवर्क को लेकर कई बड़े ऐलान किए। रेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात के रेलवे बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व बदलाव आ रहा है और इस साल के बजट में राज्य को रिकॉर्ड 17,366 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
अश्विनी वैष्णव ने गुजरात के रेलवे प्रोजेक्ट्स का ब्यौरा दिया (फाइल फोटो | PTI)
रेल बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आंकड़ों के जरिए पिछले और वर्तमान शासन की तुलना करते हुए बताया कि 2009 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के दौरान गुजरात को रेलवे के लिए सालाना औसतन केवल 589 करोड़ रुपये मिलते थे। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने इस साल 17,366 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि फंड में इस भारी वृद्धि से राज्य के रेल नेटवर्क का आधुनिकीकरण होगा और यात्री सुविधाओं में विश्वस्तरीय सुधार आएगा। वर्तमान में गुजरात में 1.28 लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
अगले साल पटरी पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन
भारत के पहले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (मुंबई-अहमदाबाद) को लेकर रेल मंत्री ने बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार अगले साल बुलेट ट्रेन को शुरू करने की तैयारी कर रही है। 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली यह ट्रेन अहमदाबाद और मुंबई के बीच की दूरी को मात्र 1 घंटे 57 मिनट में तय करेगी। हाल ही में जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और संतोष व्यक्त किया है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने सात नए हाई-स्पीड रेल रूटों को भी मंजूरी दी है।
अमृत स्टेशन योजना से होगा 87 स्टेशनों का कायाकल्प
'अमृत स्टेशन योजना' के तहत गुजरात के 87 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित करने के लिए चुना गया है। इनमें से 21 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। अहमदाबाद, साबरमती, सूरत, ऊना और सोमनाथ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर काम तेजी से चल रहा है। अश्विनी वैष्णव ने विशेष रूप से कहा कि पुनर्विकास के बाद अहमदाबाद रेलवे स्टेशन यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देगा।
राज्य सरकार का सहयोग और भविष्य का रोडमैप
रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के सहयोग से परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा से पहले पूरी हो रही हैं। आधुनिक रेलवे और हाई-स्पीड कनेक्टिविटी न केवल परिवहन को सुगम बनाएगी बल्कि राज्य के आर्थिक और औद्योगिक ढांचे को भी मजबूती देगी।
