Gujarat News: गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सूरत पुलिस ने प्रसिद्ध पर्यटक स्थल डुमस बीच (Dumas Beach) को पर्यटकों के लिए 7 अगस्त तक पूरी तरह से बंद करने का आदेश जारी किया है। वहीं दूसरी ओर, नवसारी जिले में नदियों के उफान पर होने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जहां से 9,000 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
बारिश से बिगड़े हालात (फाइल फोटो)
सूरत में सुरक्षा कारणों से बढ़ा प्रतिबंध
डुमस थाना प्रभारी (PI) एम.वी. पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि सूरत शहर में भारी बारिश की आशंका और लगातार हो रहे जलभराव को देखते हुए डुमस बीच को शुरुआत में 31 जुलाई तक बंद किया गया था। हालांकि, मौसम के मिजाज को देखते हुए इस पाबंदी को अब 7 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से समुद्र तट की ओर न जाने की अपील की है।नवसारी में बाढ़ का खतरा
दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। नवसारी के जिलाधिकारी मनीष गुरवानी के अनुसार, जिले में सुबह 6 बजे से रात 8 बजे के बीच औसतन 7 इंच बारिश दर्ज की गई। बांसदा में सबसे ज्यादा 13 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। नवसारी व खेरगाम, दोनों तालुकों में 8-8 इंच पानी बरसा।
नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के पार
पूर्णा नदी के खतरे का निशान 23 फीट है, जबकि नदी 25.5 फीट पर बह रही है। कावेरी नदी में खतरे का निशान 19 फीट है, वर्तमान जलस्तर 24 फीट पहुंच गया है। अंबिका नदी का खतरे का निशान 28 फीट है, नदी 26 फीट पर बह रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निचले इलाकों से 9,236 लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों पर पहुंचा दिया है।
मौसम विभाग की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात के साथ-साथ देश के कई अन्य राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने का Red Alert और Orange Alert जारी किया है।
गुजरात के रेड अलर्ट वाले जिले: अहमदाबाद, आणंद, अरावली, भरूच, भावनगर, बोटाद, गांधीनगर, कच्छ, खेड़ा, महेसाणा, मोरबी, पाटन, साबरकांठा, सुरेंद्रनगर और वडोदरा।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: सूरत, नवसारी, वलसाड, अमरेली, जूनागढ़, राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, गिर सोमनाथ, डांग, तापी, दाहोद, पंचमहल समेत अन्य क्षेत्र।
इसके अलावा केरल के कई जिलों (इडुक्की, एर्नाकुलम, कोट्टायम आदि) में भी भारी बारिश और तेज हवाओं (60 किमी/घंटा तक) का रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
