UPITS 2025: रूस के साथ नए व्यापारिक अवसरों की मिलेगी सौगात, 26 सितंबर को रूस–इंडिया बिजनेस डायलॉग

उत्तर प्रदेश तेजी से वैश्विक निवेश का नया केंद्र बन रहा है। 26 सितंबर 2025 को ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान रूस–इंडिया बिजनेस डायलॉग आयोजित होगा। रूस पार्टनर कंट्री के रूप में जुड़कर बिजनेस, इंवेस्टमेंट, इंश्योरेंस और एजुकेशन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खोलेगा। इससे रोजगार, तकनीकी सहयोग और प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

उत्तर प्रदेश की धरती एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय निवेश और सहयोग का केंद्र बनने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी नीतियों और निवेशक-हितैषी माहौल ने राज्य को वैश्विक स्तर पर तेजी से स्थापित किया है। इसी कड़ी में आगामी 'रूस–इंडिया बिजनेस डायलॉग' का आयोजन 26 सितंबर 2025 को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2025) के दौरान ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट में किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले इस संवाद में रूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होगा, जो उत्तर प्रदेश और भारत के लिए नए व्यापारिक अवसरों के दरवाजे खोलेगा।

Yogi-Adityanath PTI

26 सितंबर को होगा रूस–इंडिया बिजनेस डायलॉग (फोटो - PTI)

राज्य की योगी सरकार ने लगातार पारदर्शी नीतियां, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुधार और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम किया है। इसी का हासिल है कि आज यूपी में अंतरराष्ट्रीय आयोजन हो रहे हैं। रूस–इंडिया बिजनेस डायलॉग में भारत और रूस के शीर्ष उद्योगपति, वित्तीय संस्थान, बीमा कंपनियां, शिक्षा जगत के प्रतिनिधि और दोनों देशों के नीति-निर्माता शामिल होंगे।

End of Feed