Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में पड़ने वाले लखनावली गांव में एक युवक की बीती रात लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के आरोपी मृतक युवक के दोस्त थे। बताया जा रहा है कि, तीनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। नशे में धुत होने के बाद किसी बात को लेकर तीनों में बहस शुरू हो गई। इस दौरान मृतक युवक ने गाली दे दी। इससे नाराज नशेड़ी दोस्तों ने अपने ही दोस्त पर लाठी-डंडों से हमला बोलकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची सूरजपुर थाना पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, वहीं दूसरा आरोपी अभी भी फरार है।
शराबी दोस्तों ने पीटकर कर दी अपने दोस्त की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)
घटना की जानकारी देते हुए थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि, लखनावली गांव में रहने वाले सुरेंद्र नागर के घर पर मूलचंद रहकर उनके पशुओं की देखभाल करता था। बीती रात मूलचंद गांव में ही बैठकर अपने दोस्त राजेंद्र और मोहन के साथ बैठकर शराब पी रहा था। नशे की हालत में पहुंचने के बाद तीनों में किसी बात लेकर विवाद हो गया। इस दौरान मूलचंद ने राजेंद्र को गाली दे दी।
लाठी-डंडे से वार कर फोड़ा दिया सिर
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि, गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र से पूछताछ में पता चला है कि, मूलचंद द्वारा गाली देने पर उसे गुस्सा आ गया और फिर वह और उसके दोस्त मोहन ने पास में ही पड़े लाठी-डंडे से मूलचंद पर हमला कर दिया। इस हमले में सिर फट गया, जिससे मूलचंद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कुछ ही घंटे में आरोपी राजेंद्र को पास के गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दूसरे आरोपी मोहन की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
