Greater Noida: यमुना प्राधिकरण के मास्टर प्लान 2041 के तहत वर्ल्ड लेवल की यमुना सिटी विकसित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा से सटे बुलंदशहर और खुर्जा जिले के 55 गांवों को यमुना प्राधिकरण में शामिल कर लिया है। अब इस प्राधिकरण में कुल 1242 गांव शामिल हो चुके हैं। इन सभी गांवों को मिलाकर यमुना प्राधिकरण ‘यमुना सिटी’ नाम से एक नया औद्योगिक शहर बना रहा है। यह शहर वर्ल्ड के सबसे विकसित शहरों में शामिल होगा। यह जितना आधुनिक होगा, उतना ही आकार के हिसाब से बड़ा भी। यह शहर दिल्ली से दो गुना और नोएडा से 15 गुना बड़ा होगा। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इस सिटी को 3000 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का क्षेत्रफल 1,484 वर्ग किलोमीटर है।
दिल्ली से दो गुना और गुरुग्राम से आठ गुना बड़ा होगा शहर, सबसे आधुनिक (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बता दें कि, इस यमुना सिटी को डेवलप करने के लिए वेस्ट यूपी के 6 जिलों गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, बुलंदशहर, अलीगढ़ और हाथरस के गांवों को शामिल किया गया है। इसमें पहले 1,187 गांवों को शामिल किया गया था, लेकिन यूपी सरकार ने अब इस प्रोजेक्ट में 55 और गांवों को शामिल कर लिया है। जिसके बाद इस प्रोजेक्ट का दायरा और भी बढ़ गया है। अब इसमें 1,242 गांव आ चुके हैं। जिन नए गांवों को इसमें शामिल किया गया है, वे खुर्जा और सिकंदराबाद तहसील के गांव हैं। अब इन सभी गांवों में डेवलपमेंट का कार्य यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा किया जाएगा।
