Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना इलाके से गुमशुदा हुए युवक का शव बीते दिनों सूरजपुर के देवला गांव के पास नाले में पड़ा हुआ मिला था। पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने शनिवार को हत्यारोपी को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया। पुलिस ने बताया है कि, आरोपी के पास से हत्या में प्रयोग किया गया चाकू, पत्थर का टुकड़ा और एक कार को बरामद कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
युवक को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बता दें कि, मृतक अरुण कुमार जारचा थाना क्षेत्र के मिलक खटाना गांव का निवासी था। वह 20 नवंबर को घर से अपनी रिश्तेदारी के लिए दुजाना गांव गया हुआ था। दुजाना गांव से आते समय वह गायब हो गया था। परिजनों ने 29 नवंबर को बादलपुर थाना क्षेत्र में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद 30 नवंबर को अरुण का शव सूरजपुर थाना क्षेत्र के देवला गांव के पास नाले में पड़ा हुआ मिला था। इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करने के बाद जांच करते हुए आरोपी आकाश को मोहल्ला कैलाशपुरम से गिरफ्तार कर लिया है।
इस वजह से हुई अरुण की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, एडिशनल डीसीपी साद मिया खान ने कहा कि, पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि, उस का भाई विकास दादरी ओवर ब्रिज के नीचे पान की दुकान लगाता है। जहां पर अरुण अक्सर सिगरेट- गुटका आदि लेने के लिए आता रहता था और सिगरेट लेने के बाद पैसे नहीं देता था। 20 नवंबर की रात को भी करीब 10:00 बजे अरुण सिगरेट लेने के लिए विकास की दुकान पर गया था। जहां पर पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोपी ने अरुण को हत्या से पहले पिलाई शराब
बता दें कि, अरुण और विकास के झगड़े के बीच में आकाश आ गया और उसने दोनों को किसी तरह शांत कर दिया। अरुण ने आकाश से कहा कि, तुम्हारा भाई सिगरेट के पैसा मांगता है। मैं उसे किसी दिन जान से मार दूंगा। आकाश और अरुण दोनों पहले से नशे में थे, अरुण की बात सुनकर आकाश ने अरुण को मारने का प्लान बनाया। आकाश ने अरुण को अपनी कार में बैठाया और दादरी में ओवर ब्रिज के पास शराब खरीद कर पहले उसे पिलाया। जब अरुण ज्यादा नशे में हो गया तो आकाश उसे अपनी कार से देवला गांव के पास एक कंपनी के पास ले गया और धारदार चाकू से निर्ममता पूर्वक अरुण का गला रेत दिया। उसके बाद अरुण के सर पर पत्थर से वार कर उसे बहते नाले में फेंक दिया और मौके से भाग गया।
