Greater Noida : नए साल पर दिल्ली एवं एनसीआर में झकझोर देने एवं रूह कंपा देने वाली घटनाएं हुई हैं। 31 दिसंबर की रात बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में 20 साल की अंजलि की कार से घसीटकर हुई मौत से लोग गहरी पीड़ा एवं आक्रोश में हैं तो वहीं ग्रेटर नोएडा में भी दिल दहलाने वाली घटना हुई है। यहां हिट एंड रन मामले का शिकार हुई बीटेक की एक छात्रा जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
कार ने बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा को टक्कर मारी।
बीटेक अंतिम वर्ष में है स्वीटी
ग्रेटर नोएडा के एक निजी स्कूल में बीटेक अंतिम वर्ष की पढ़ाई करने वाली स्वीटी सिंह हादसे के बाद वेंटिलेटर पर है। गंभीर रूप से घायल स्वीटी के सिर पर गहरी चोट लगी है। पुलिस का कहना है कि 31 दिसंबर की रात करीब नौ बजे बीटा 2 में एक तेज रफ्तार सैंट्रो कार ने स्वीटी और दो अन्य को टक्कर मार दी। इस टक्कर में स्वीटी के फ्लैट में रहने वाली उसकी दो अन्य साथी करसोनी और अंगनबा को भी हल्की चोटें आईं। इन्हें इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
Greater Noida, UP | On 31st Dec 2022, 3 women students who were on their way from Alpha-II sector to Delta were hit… t.co/iSP0imz8G4
— ANI (@ANI) Jan 3, 2023
सैंट्रो कार का पता नहीं लग पाया
रिपोर्टों के मुताबिक पुलिस सैंट्रो कार का पता नहीं लगा पाई है। कार चलाने वाले की पहचान भी नहीं हो पाई है। स्वीटी के दोस्त शिवम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने उसी रात केस दर्ज किया। स्वीटी के दोस्त कुछ राहगीरों की मदद से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले गए।
ढूंढते हुए अस्पताल पहुंचा दोस्त
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे के बाद स्वीटी और उसके दोस्तों का मोबाइल फोन नहीं लग रहा था। यह देखने के बाद शिवम ने अपने एक दोस्त को बुलाया। इसके बाद दोनों एक बाइक से स्वीटी को ढूंढने के लिए निकले। शिवम ने कहा, 'अल्फा 2 स्थित उनके फ्लैट पहुंचने के बाद ही हमारा करसोनी से संपर्क हो सका। करसोनी ने फोन पर बताया कि उनका एक्सीडेंट हुआ और वे सभी अस्पताल में हैं। इसके बाद हम अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में हमने देखा कि स्वीटी के कान से काफी खून बह रहा था।'
बेहोशी की हालत में है स्वीटी
शिवम के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया कि स्वीटी के ब्रेन में चोटें आई हैं और उसे तत्काल सर्जरी करने की जरूरत है। उसका एक और दो जनवरी की सर्जरी हुई। सर्जरी के बाद उसे एक मिनट के लिए होश आया। ग्रेटर नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल के प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने कहा, 'सर्जरी सफलतापूर्वक हुई है और उम्मीद है कि हम उसे बचा लेंगे। अगले 24 घंटे उसके लिए काफी गंभीर हैं। डॉक्टर बुधवार को उसके स्वास्थ्य की समीक्षा करेंगे और इसके बाद हम ताजा अपडेट देंगे।'
