Greater Noida News: यमुना प्राधिकरण यमुना एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-29 के अपैरल पार्क में फ्लैटेड यानि कि बहुमंजिला फैक्ट्री बनाने जा रहा है। अपैरल पार्क में करीब 10 एकड़ के क्षेत्र में 140 यूनिट बनाने का प्लान है। यहां रेडिमेड गारमेंट्स से जुड़ी इकाइयां लगाई जाएंगी। प्राधिकरण उद्यमियों को इन इमारतों की यूनिट को किराए पर देगा। इस परियोजना पर करीब 86 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस योजना से हजारों लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
यमुना प्राधिकरण की ओर से यमुना एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर 29 में बनाई जाएंगी फ्लैटेड फैक्ट्रियां
बता दें कि, रेडिमेड गारमेंट के मामले में गौतमबुद्धनगर जिला काफी आगे है। प्रदेश की वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट योजना के तहत इस जिले को रेडिमेड गारमेंट मिला हुआ है। इस दिशा में एक कदम और बढ़ाते हुए यमुना प्राधिकरण ने अपैरल पार्क में फ्लैटेड फैक्ट्री बनाने की योजना तैयार की है। इस योजना में 20 हजार और 18 हजार वर्ग मीटर के दो भूखंडों पर फ्लैटेड फैक्ट्रियां बनाई जाएंगी। इनमें उद्यमियों को फैक्ट्री शुरू करने के लिए सुविधाएं दी जाएंगी। इसके लिए विशेषज्ञ कंपनी से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करा ली गई है।
