Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों को अब मेट्रो पकड़ने के लिए दूर तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। यहां के लाखों लोगों को जल्द ही उनके घर के नजदीक ही मेट्रो की सुविधा मिलने लगेगी। दरअसल, नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। एनएमआरसी ने इस मेट्रो लाइन का डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेज दिया है। कैबिनेट से इस प्रस्तावित मेट्रो लाइन की मंजूरी मिलते ही दूसरी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। एनएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, अगले एक सप्ताह में डीपीआर पर निर्णय हो जाएगा। इसके बाद निर्माण से संबंधित टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एनएमआरसी अधिकारियों का दावा है कि, इसका निर्माण कार्य इस साल शुरू करने की पूरी कोशिश की जा रही है। एनएमआरसी ने इससे पहले भी डीपीआर भेजा था, जो किसी कारणवश रद्द हो गया था।
एनएमआरसी मेट्रो
बता दें कि, अभी नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन पर ट्रेन का संचालन ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन से लेकर सेक्टर 51 तक किया जा रहा है। अब इसी लाइन को अगले फेज में विस्तार दिया जाना है। एनएमआरसी अब इसे नॉलेज पार्क-5 तक ले जाने की योजना पर काम कर रहा है। इस विस्तारित लाइन पर कुल 9 स्टेशन बनाए जाएंगे। मेट्रो की यह लाइन यहां के कई सेक्टरों और सोसायटियों को कनेक्टिविटी देगा। इसके अलावा आसपास के गांव में रहने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा। इस लाइन को विस्तार देने की योजना वर्ष 2010 में बनाया गया था, लेकिन इस पर कार्रवाई अब शुरू हुई है।
