Best Places to Visit in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर का द्रोणाचार्य मंदिर महाभारत के पात्र एकलव्य की साधना और द्रोणाचार्य की गुरु दक्षिणा का स्थान है। गौतमबुद्ध नगर जिले के इस कस्बे में एकलव्य की अपने हाथों से बनाई गई द्रोणाचार्य की दुर्लभ मूरत का दर्शन किया जा सकता है। दनकौर को द्रोणाचार्य का क्षेत्र कहा जाता है। कहा ये भी जाता है कि द्रोणाचार्य का यह एकमात्र मंदिर है। यही नहीं इस पावन स्थल पर आपको द्रोण कुंड के भी दर्शन होंगे, जहां पर स्नान करते हुए दुर्वासा ऋषि का कमंडल बह गया था। इस पुरातन स्थल पर नए साल के अवसर पर परिवार के साथ आने का प्लान बनाया जा सकता है।
ग्रेटर नोएडा में घूमने के लिए बेस्ट है ऐतिहासिक द्रोणाचार्य मंदिर
बता दें कि प्राचीन द्रोणाचार्य मंदिर के पास ही द्रोण कुंड है। दोनों स्थानों को पुरातत्व विभाग की ओर से संरक्षित किया गया है। द्रोणाचार्य का मंदिर छोटा लेकिन अत्यंत कलात्मक तरीके से बनाया गया है। दीवारों पर बेहद खूबसूरत चित्रकारी है। गर्भगृह में एकलव्य की बनाई गुरु द्रोणाचार्य की मूर्ती दर्शनीय है। भक्तों के पूजन-अर्चना के लिए द्रोणाचार्य की नवीन मूर्ति की भी स्थापना की गई है। प्रांगण में दूसरा मंदिर भगवान बांके बिहारी का है। गर्भगृह के पट खुलते ही राधा संग बांके बिहारी के दर्शन कर नयन मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।
