Greater Noida : जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (Noida International Airport) के दूसरे चरण से जुड़े भूमि अधिग्रहण ने रफ्तार पकड़ ली है। महज पिछले 2 दिनों में 3,000 से ज्यादा किसानों ने भूमि अधिग्रहण पर सहमति दी है। किसान जेवर से भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह को गांव में बुलाकर सभाओं का आयोजन कर रहे हैं। इन सभाओं में सहमति पत्र सौंपे जा रहे हैं। रविवार को दयानतपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1,000 किसानों ने विधायक को अपने सहमति पत्र सौंपे। सोमवार को धीरेंद्र सिंह द्वितीय चरण के प्रभावित ग्राम कुरैब और नगला जहानु गांवों में किसानों के बीच पहुंचे। जहां ग्राम वासियों ने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का स्वागत किया।
नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन का अधिग्रहण।
विधायक ने कहा- वह दिन दूर नहीं जब जेवर विकसित शहर होगा
इस मौके पर जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा, "आपका यह जोश और जज्बा आगाज है उस बदलते जेवर का जो दुनिया का अति विकसित क्षेत्र बनने जा रहा है। आज जेवर का नाम जिस तरीके से पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हो रहा है, उसी प्रकार यहां के पढ़े-लिखे नौजवान भी पूरी दुनिया में जेवर का नाम रोशन करें, इसी मंशा के अनुरूप प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।" धीरेंद्र सिंह ने ग्राम कुरैब में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए आगे कहा, "जेवर में बनने वाला नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट उत्तर भारत के विकास का माध्यम बनेगा। दुनिया में जेवर की एक अपनी अलग पहचान होगी। बहुत जल्द जेवर विकसित शहर बनेगा।"
अब तक 3,500 किसानों ने भूमि अधिग्रहण पर सहमति जताई
इससे पहले जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के द्वितीय चरण के प्रभावित ग्रामों के किसानों और अधिकारियों के साथ यमुना एक्सप्रेसवे के पास ग्राम फलैदा बांगर कट के पास चयनित किए गए विस्थापित स्थल का निरीक्षण किया। ग्राम रनहैरा में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के द्वितीय चरण से प्रभावित ग्रामों के 611 किसानों ने भूमि अधिग्रहण लिए सहमति पत्र धीरेंद्र सिंह को सौंपे हैं। अब तक लगभग 3,500 किसान अपनी जमीनों से जुड़ी सहमति दे चुके हैं। आपको बता दें कि दूसरे चरण के लिए 7,164 किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इस तरह अब तक 50% किसान सहमति दे चुके हैं। धीरेंद्र सिंह ने दावा किया है कि इस सप्ताह 70% किसान सहमति दे देंगे। इसके बाद नई भूमि अधिग्रहण कानून के तहत प्रोजेक्ट का रास्ता साफ हो जाएगा।
सोमवार की शाम विधायक के घर जाकर किसानों ने सहमति पत्र सौंपे
सोमवार की शाम ग्राम रन्हेरा के कई दर्जन किसानों ने धीरेन्द्र सिंह के आवास पर पहुंचकर अपनी भूमि के सहमति पत्र सौंपे हैं। आपको बता दें कि पिछले सप्ताह धीरेंद्र सिंह जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को जमीन देने वाले करीब ढाई सौ किसान लखनऊ लेकर गए। किसानों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच संवाद हुआ। उसी दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए मुआवजा दर बढ़ाने का ऐलान किया। अब जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए जमीन देने वाले किसानों को लगभग ₹3,500 प्रति वर्ग मीटर की दर से मुआवजा दिया जाएगा। आपको यह भी बता दें कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में किसी परियोजना के लिए यह ऐतिहासिक एकमुश्त मुआवजा बढ़ोतरी है। इस घोषणा के बाद से जेवर के किसान गदगद हैं।
