शहर

मुंबई के होटल में 'थूक वाली रोटी' का घिनौना खेल! ग्राहक ने बनाया वीडियो, कारीगर और मालिक पर FIR दर्ज

मुंबई से एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है। गोरेगांव पूर्व इलाके के एक होटल में कथित तौर पर तंदूरी रोटी बनाने के दौरान उस पर थूकने का सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Image

थूककर रोटी सेंकने का वीडियो हुआ वायरल

Photo : Times Now Digital

मुंबई के गोरेगांव पूर्व इलाके से एक आक्रोशित करने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक स्थानीय होटल में तंदूर पर रोटियां सेकने वाले मुख्य कारीगर का कथित तौर पर रोटी पर थूक लगाकर सेंकने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। होटल में खाना खाने पहुंचे एक ग्राहक ने जब अपनी आंखों से यह घिनौनी हरकत देखी, तो उसने चुपके से अपने मोबाइल में इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही पूरे इलाके में भारी हड़कंप मच गया और नागरिकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की भारी नाराजगी और शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है और होटल मालिक के खिलाफ भी कड़ा मुकदमा दर्ज किया है।

संतोषनगर के 'फिश कोलीवाडा' होटल की है घटना

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला गोरेगांव पूर्व स्थित संतोषनगर इलाके के फिश कोलीवाडा होटल का है। पेशे से शटर रिपेयरिंग का काम करने वाले 48 वर्षीय दीपक दत्ताराम पवार ने दिंडोशी पुलिस थाने में इस मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता दीपक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 23 मई की रात वह रोज की तरह बाहर खाना खाने निकले थे। पहले वह एक दूसरे होटल गए, लेकिन वहां ज्यादा भीड़ होने के कारण आगे बढ़कर फिश कोलीवाडा होटल पहुंचे।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, होटल के भीतर तंदूरी काउंटर पर बैठा कर्मचारी रोटियां बेलने के बाद उन्हें भट्टी में डालने से ठीक पहले जानबूझकर उन पर थूक रहा था। दीपक पवार कुछ देर तक चुपचाप खड़े होकर यह घिनौना खेल देखते रहे ताकि वे पूरी तरह आश्वस्त हो सकें। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन के कैमरे से आरोपी की इस हरकत का वीडियो बना लिया। दीपक ने यह वीडियो इलाके के अन्य स्थानीय नागरिकों को दिखाया, जिसे देखकर लोग भड़क उठे। इसके बाद 25 मई की रात स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को दबोच लिया।

यूपी के बलिया का रहने वाला है आरोपी, मालिक पर भी गिरी गाज

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी कर्मचारी की पहचान 53 वर्षीय कौशर गफार शेख के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है। इस मामले में होटल के मालिक फैय्याज अहमद शेख (फयाज अहमद शेख) पर भी बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि होटल प्रबंधन और मालिक को इस घिनौनी हरकत की जानकारी होने के बावजूद वे चुप रहे और लगातार ग्राहकों की सेहत व धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हुए वही दूषित खाना परोसते रहे।

दिंडोशी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कर्मचारी कौशार शेख और होटल मालिक फैय्याज शेख दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं (धारा 271, 275 और 35) के तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरे में डालने और लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर लिया है।

वीडियो की सत्यता और स्वच्छता मानकों की जांच शुरू

घटना के बाद से ही गोरेगांव के लोगों में भारी आक्रोश है और होटल को बंद कराने की मांग की जा रही है। नागरिकों ने होटलों और रेस्टोरेंट में नियमित स्वास्थ्य जांच और फूड सेफ्टी (FSSAI) मानकों की सख्त निगरानी की मांग उठाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी हिरासत में है और वायरल वीडियो की फॉरेंसिक व तकनीकी सत्यता की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर कोर्ट में सख्त चार्जशीट पेश की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article