शहर

Aaj Ka Mausam: भीषण गर्मी पर फिलहाल लगाम, दिल्ली और यूपी-बिहार समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का IMD अलर्ट, 100 की रफ्तार से चलेगी आंधी

Aaj Ka Mausam 29 May: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत देश के 16 राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के लिए भारी बारिश, ओलावृष्टि और 100 KMPH की रफ्तार से चलने वाले तूफान का अलर्ट जारी किया है। जानिए मानसून और तापमान में गिरावट से जुड़ा ताजा अपडेट।

Image

उत्तर भारत को लू से मिली राहत

Photo : Times Now Digital

Aaj Ka Mausam: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और उत्तर भारत के ऊपर बने अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम तेजी से करवट ले रहा है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण ओडिशा तक एक लंबा ट्रफ बना हुआ है, जिसके चलते प्री-मानसून गतिविधियां बेहद उग्र हो गई हैं। मौसम विभाग (IMD) ने लोगों से बेहद सावधानी बरतने और बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

क्यों अचानक बदला मौसम का मिजाज?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक बेहद सक्रिय वेदर सिस्टम बना हुआ है। इसके साथ ही तमिलनाडु तट, असम और मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हैं। इसी वजह से देश में मौसम के कई अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2-3 दिनों में अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दस्तक देने वाला है, वहीं उत्तर और मध्य भारत में प्री-मानसून तूफान का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है।

इन 16 राज्यों के लिए जारी हुआ आंधी-बारिश का अलर्ट

IMD ने जिन 16 राज्यों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक शामिल हैं। आइए राज्यवार मौसम के हाल पर नजर डाल लेते हैं।

दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR Weather Today)

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज (29 मई) मौसम सबसे खतरनाक रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-हरियाणा में 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी धूल भरी आंधी चलने, आकाशीय बिजली चमकने और भारी बारिश के साथ ओले गिरने की प्रबल आशंका है। यह तूफानी सिलसिला 31 मई तक रुक-रुककर जारी रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान गिरकर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। हालांकि, 2 जून से गर्मी एक बार फिर वापसी करेगी।

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Weather Today)

उत्तर प्रदेश में मौसम का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों (सहारनपुर, अलीगढ़ आदि) में 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से तबाही मचाने वाला तूफान और भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश (अयोध्या, बहराइच, कुशीनगर आदि) में भी 70 से 90 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। पूरे प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बड़े ओले गिरने की भी आशंका है, जिससे लखनऊ में तापमान गिरकर 33 डिग्री तक आ सकता है।

बिहार और झारखंड (Bihar and Jharkhand IMD Alert Weather Update)

बिहार में प्री-मानसून पूरी तरह उग्र हो चुका है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर समेत 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश और 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी का अलर्ट है, जिससे कच्चे मकानों और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं झारखंड के रांची, धनबाद और पलामू जैसे जिलों में 30 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी है। आंधी-बारिश के कारण यहां के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है, जो हाल ही में 44.8 डिग्री तक पहुंच गया था।

राजस्थान और मध्य प्रदेश (Rajasthan and MP Weather IMD Updates)

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर जैसे बड़े संभागों में आज से 31 मई तक रुक-रुककर तूफानी आंधी और बारिश होगी। वर्तमान में 47 डिग्री की भीषण गर्मी झेल रहे राजस्थान को इससे करीब 2 डिग्री की राहत मिलेगी। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के रीवा, छिंदवाड़ा, गुना और मुरैना जैसे जिलों में 50 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ ओले गिरने की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान 3 से 5 डिग्री तक लुढ़क जाएगा।

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर (Uttarakhand, Himachal and Jammu Kashmir Weather)

पहाड़ों पर भी कुदरत का मिजाज बदलने वाला है। उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी और चमोली में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी है, जबकि 3800 मीटर से अधिक ऊंचे इलाकों में 30 मई को बर्फबारी (Snowfall) का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कुल्लू में 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी, पुंछ और अनंतनाग में भी आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

ओडिशा और पश्चिम बंगाल (Odisha and West Bengal Weather Update)

ओडिशा के 13 जिलों जैसे कटक, जाजपुर और संबलपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 3 जून तक तूफानी बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मालदा और जलपाईगुड़ी में 70 किमी/घंटे की रफ्तार से भयंकर तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट है।

दक्षिण भारत और मानसून के संकेत (South India Weather and Monsoon 2026 Update)

केरल और तमिलनाडु में भी मानसून की दस्तक के साथ हलचल तेज हो गई है। केरल के तटों पर ऊंची लहरें उठने और खराब मौसम की आशंका के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर और थेनी जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है।

प्रशासन की तैयारी और IMD की गाइडलाइंस

बदलते और उग्र होते मौसम को देखते हुए विभिन्न राज्यों के स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने आम जनता और किसानों के लिए विशेष गाइडलाइंस जारी की है। किसानों के लिए सलाह है कि खुले खेतों में काम करने से बचें और कटी हुई फसलों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। बिजली के खंभों और पेड़ों से दूरी बनाए तेज अंधड़ के दौरान कमजोर इमारतों, बिजली के खंभों और बड़े पेड़ों के नीचे शरण बिल्कुल न लें। पहाड़ी इलाकों जैसे उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में यात्रा करने वाले लोग भूस्खलन के खतरे को देखते हुए मौसम अपडेट देखकर ही निकलें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article