शहर

Lucknow: लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा; प्लेटफॉर्म पर गिरा टिन शेड, कई घायल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर लगा भारी टिन शेड अचानक गिर पड़ा। हादसे में तीन लोग घायल हुए, जबकि समय रहते प्लेटफॉर्म खाली होने से बड़ी जनहानि टल गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश देते हुए राहत और सुरक्षा कार्य तेज कर दिए हैं।

Image

प्लेटफॉर्म पर गिरा टिनशेड

Photo : Times Now Digital

Lucknow Charbagh Station: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रमुख चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 8:15 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर लगा लगभग 60 से 70 फीट लंबा भारी टिन शेड अचानक गिर पड़ा। राहत की बात यह रही कि घटना के समय प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ नहीं थी और वहां कोई यात्री ट्रेन भी खड़ी नहीं थी। इसी वजह से बड़ा नुकसान और जनहानि होने से बच गई।

तीन लोग हुए घायल

बताया जा रहा है कि अगर हादसे के समय प्लेटफॉर्म पर ज्यादा संख्या में यात्री मौजूद होते, तो यह घटना बेहद गंभीर रूप ले सकती थी। हालांकि, टिन शेड के गिरने से तीन लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें दो यात्री और रेलवे का एक ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर (TTE) शामिल है। शेड गिरते ही प्लेटफॉर्म पर जोरदार आवाज गूंजी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तेजी से चलाया गया राहत और सफाई अभियान

हादसे की आवाज सुनते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान और रेलवे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। मलबे को हटाने के लिए क्रेन की सहायता ली गई, जिसके बाद तेजी से सफाई अभियान चलाया गया। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के अनुसार, घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री अभिषेक और साहिल मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। वहीं, ड्यूटी पर तैनात टीटीई भूपेंद्र सिंह को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।

राहत और बचाव कार्यों की निगरानी

रेलवे प्रशासन ने घायल लोगों को तुरंत प्राथमिक इलाज उपलब्ध कराने के बाद लखनऊ के नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक सुनील वर्मा और आरएलडीए के मुख्य परियोजना प्रबंधक पावस यादव तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की। इसके बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त शेड के असुरक्षित हिस्सों को काटकर हटाया, ताकि प्लेटफॉर्म को दोबारा सुरक्षित बनाया जा सके।

रेल संचालन प्रभावित रहा

इस हादसे के बाद चारबाग रेलवे स्टेशन के संबंधित हिस्से में काफी समय तक रेल संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। इसी दौरान हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को भी दुर्घटना स्थल के नजदीक कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर आने वाली बाकी ट्रेनों को अन्य प्लेटफॉर्मों पर भेजा गया, जिसके कारण दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का संचालन और समय सारिणी प्रभावित हुई।

विस्तृत जांच कराने के निर्देश

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने घटना की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के कारणों की पड़ताल के लिए रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों की एक विशेष जांच टीम बनाई गई है। डीआरएम ने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या आरएलडीए की ओर से लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article