Thawe Durga Temple: बिहार के गोपालगंज जिले स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की घटना के पांच दिन बाद जेडीयू के विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय ने माता को नए आभूषण अर्पित किए। विधायक द्वारा माता रानी को सोने का हार और मुकुट सहित कुल पांच आभूषण भेंट किए गए। इन सभी आभूषणों का कुल वजन करीब 203.25 ग्राम बताया जा रहा है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 64 लाख 364 रुपये है। आभूषणों से माता का भव्य श्रृंगार किए जाने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। सोने के हार और मुकुट से सुसज्जित माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे, जिससे परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
थावे दुर्गा मंदिर में नए आभूषण चढ़ाए गए
राक्षसी प्रवृत्ति का इंसान
जदयू विधायक ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिसने भी मां दुर्गा के श्रृंगार पर हाथ डाला है, वह इंसान नहीं बल्कि राक्षसी प्रवृत्ति का है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को मां दुर्गा 24 घंटे के भीतर दंड देंगी और आगे कोई भी माता की ओर गलत नजर उठाने की हिम्मत नहीं करेगा। बताया गया है कि 17 दिसंबर को मंदिर में करीब 1.08 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने गर्भगृह में प्रवेश कर मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने-चांदी के हार, लॉकर में रखा मुकुट समेत अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में रखा करीब 50 किलो वजनी दानपेटी भी चोर अपने साथ ले गए थे।
35 लोगों को लिया गया था हिरासत में
चोरी की घटना को पांच दिन बीत जाने के बावजूद गोपालगंज पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की पांच टीमों ने यूपी और बिहार के कुल 17 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 35 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण सभी को छोड़ दिया गया। यूपी और बिहार में दबिश देने गई एसआईटी की टीमें भी खाली हाथ लौट आईं।
वहीं, सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार वर्मा और गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित दो बार थावे दुर्गा मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक चोरों से जुड़ा कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। गौरतलब है कि 17 दिसंबर को मंदिर के गर्भगृह से मां दुर्गा का सोने का मुकुट, सोने की छतरी और सोने का हार चोरी हो गया था।
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध चोरों की तस्वीरें सामने आईं, जिसके आधार पर गोपालगंज पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके बावजूद अब तक पुलिस को आरोपियों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी हासिल नहीं हो सकी है।
