Gorakhpur: शुक्रवार की सुबह गोरखपुर का गोरखनाथ मंदिर परिसर हमेशा की तरह 'जनता दर्शन' के लिए तैयार था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी नियमित दिनचर्या के अनुसार परिसर में भ्रमण कर रहे थे और लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी बीच, कानपुर से अपने परिवार के साथ आई 4 वर्षीय यशस्विनी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भ्रमण के दौरान सीएम ने यशस्विनी को अपने पास बुलाया, उसे चॉकलेट दी और बातचीत की। इसी बीच यशस्विनी ने सीएम से कहा, आपके लिए गिफ्ट लाएं हैं, पहले आंखें बंद करिए। इसके बाद यशस्विनी ने एक छोटा सा बुलडोजर (खिलौना) मुख्यमंत्री के हाथों में सौंप दिया। सरप्राइज गिफ्ट देखते ही सीएम भी मुस्कुरा पड़े।। उत्तर प्रदेश की राजनीति में 'बुलडोजर' को सीधे योगी आदित्यनाथ से जोड़कर देखा जाता है, यही कारण था कि एक मासूम बच्ची के हाथों में इसे देखकर मुख्यमंत्री खुद को मुस्कुराने से नहीं रोक पाए। उन्होंने बड़े स्नेह के साथ उस खिलौने को स्वीकार किया, बच्ची से बात की और फिर दुलारते हुए वही खिलौना उसे वापस लौटा दिया।
यशस्विनी सिंह कानपुर के प्रताप इंटरनेशनल कॉलेज में नर्सरी की छात्रा है। वह अपने पिता अभय सिंह राजावत व मां प्रियदम्वा सिंह के साथ गोरक्षपीठाधीश्वर से आशीर्वाद लेने के लिए गोरखपुर आई थी। बच्ची ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि, "योगी जी ने मुझे चॉकलेट दी और मैंने उन्हें बुलडोजर दिया। लेकिन उन्होंने वापस कर दिया और कहा कि अच्छी तरह पढ़ाई करना और बुलडोजर से खेलना।"
जनता की फरियाद और त्वरित समाधान
गुरुवार और शुक्रवार, दोनों दिन आयोजित 'जनता दर्शन' में प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सबकी बात सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी गरीब या असहाय के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने आश्वास्त किया कि सरकार हर नागरिक की समस्या के त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है।
डिजिटल क्रांति की ओर कदम: STPI केंद्र का उद्घाटन
गोरखपुर का यह दौरा केवल जनसुनवाई तक सीमित नहीं रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शहर में 71वें सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) केंद्र का उद्घाटन कर प्रदेश के डिजिटल भविष्य को नई गति दी। इस आधुनिक सुविधा का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए सीएम ने कहा कि यह केंद्र स्टार्टअप्स, आईटी कंपनियों और नवाचार करने वाले युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि यह केंद्र निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा, जिससे उत्तर प्रदेश को देश का 'टेक्नोलॉजी हब' बनाने का सपना साकार होगा।
