Ghaziabad Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लिंक रोड थाना क्षेत्र और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश को धर दबोचा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए शातिर बदमाश की पहचान फरमान उर्फ 'नागिन' रूप में हुई है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 100 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लिंक रोड पर हुई मुठभेड़
सूर्यनगर चौराहे पर हुई मुठभेड़, फॉर्च्यूनर कार और हथियार बरामद
साहिबाबाद के एसीपी अमित सक्सेना ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार अपराध नियंत्रण को लेकर अभियान चलाया जा रहा था। क्राइम ब्रांच और लिंक रोड पुलिस टीम सूर्य नगर चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कार चोरी के मामलों में वांछित चल रहा फरमान ब्रिज विहार चौकी क्षेत्र की तरफ आने वाला है। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी। जब पुलिस ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और राधारकुंज इलाके की तरफ भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आगे रास्ता बंद होने पर बदमाश ने गाड़ी से उतरकर दोबारा पुलिस पर गोलियां चलाईं। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
सौ से ज्यादा मामलों का इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी फरमान बेहद शातिर और खूंखार किस्म का अपराधी है। इसमें दो दर्जन से अधिक लूट, तीन दर्जन से ज्यादा स्नैचिंग और चोरी के मामले शामिल हैं। गाजियाबाद के लिंक रोड और मधुबन बापूधाम थाने से वह लंबे समय से वांछित चल रहा था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से लिंक रोड क्षेत्र से चोरी की गई सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार, एक अवैध .315 बोर का पिस्तौल, जिंदा व खोखा कारतूस के अलावा लग्जरी गाड़ियां चुराने में इस्तेमाल होने वाला हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक गैजेट (चोरी करने का उपकरण) भी बरामद किया है। फिलहाल घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और फरार साथी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
