Ghaziabad Crime: गाजियाबाद के लोनी इलाके में सूटकेस में एक महिला का शव मिला है। स्थानीय लोगों ने सूटकेस से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सूटकेस खोलकर चेक किया, तो उसमें से महिला का शव बरामद हुआ। जिसके बाद फॉरेंसिक की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूटकेस में मिला महिला का शव
महिला की मांग में सिंदूर और पैर में था बिछिया
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में शिव वाटिका कॉलोनी के सामने बेहटा नहर रोड पर मंगलवार सुबह 7 बजे सूटकेस मिला। अज्ञात लोगों ने महिला की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए सूटकेस में भर दिया। महिला की उम्र 26 वर्ष आंकी जा रही है। शव के हाथ पैर मोड़कर सूटकेस में रखा गया था। शव के नाक पर चोट के निशान मिले है और मुंह और गले पर खून के धब्बे लगे हुए थे। पुलिस ने बताया कि महिला की मांग में सिंदूर था और पैर में बिछिया भी पहनी हुई थी।
शव की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही गुमशुदगी की रिपोर्ट्स की भी जांच की जा रही है। अभी मौत की वजह का पता नहीं चला है। शव को फोरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चल पाएगी।
