Ghaziabad News: गाजियाबाद को बड़ी सौगात मिलने वाली है। यहां के युवाओं को हाई एजुकेशन के लिए अब दूसरे जिले या राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। क्योंकि गाजियाबाद में इस साल तीन प्राइवेट यूनिवर्सिटी स्थापित होने जा रही हैं। इन यूनिवर्सिटी को इंटरनेशनल लेवल के सभी एजुकेशन मानकों को ध्यान में रखकर डेवलप किया जाएगा। इन यूनिवर्सिटी को बनाने के लिए बड़े कॉरपोरेट घराने निवेश करेंगे। इन यूनिवर्सिटी को लेकर गाजियाबाद प्रशासन के साथ पहले ही चर्चा हो चुकी है। आज कौशांबी के एक निजी होटल में होने वाली गाजियाबाद इंवेस्टर्स समिट में इन तीनों यूनिवर्सिटी का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। जिसके बाद इनके बारे में घोषणा की जाएगी।
गाजियाबाद में तीन यूनिवर्सिटी खोलने का प्रस्ताव
गाजियाबाद प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि इन तीनों यूनिवर्सिटी का प्रस्ताव जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को पहले भी भेजा जा चुका है। इनमें से एक यूनिवर्सिटी को मेरठ रोड पर एचआरआईटी के नाम से स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। वहीं, डासना के पास सुंदरदीप के नाम से यूनिवर्सिटी खोलने का प्रस्ताव भी एक बड़े कॉरपोरेट घराने ने जिला प्रशासन को सौंपा है। इसके अलावा मोदीनगर में केएन मोदी यूनिवर्सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव भी मिला है। इस यूनिवर्सिटी को मोदी ग्रुप खोलना चाहता है। जिला प्रशासन को प्रस्ताव सौंपते हुए यूनिवर्सिटी खोलने के लिए 50 एकड़ जमीन उपलब्धता की जानकारी भी दी है। अधिकारियों के अनुसार, इन तीनों प्रस्तावों को हरी झंडी दी जा चुकी है। प्रदेश सरकार की तरफ से पॉलिसी के तहत इन यूनिवर्सिटी को कई सहूलियतें भी मिलेंगी।
