Ghaziabad: गाजियाबाद में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एक एसयूवी कार आसमान से सीधे जमीन पर आ गिरी। यह देख कुछ पल के लिए लोग समझ ही नहीं पाए की माजरा क्या, जब लोगों के समझ में आया तो भगदड़ मच गई। थोड़ी देर बाद लोगों के समझ आया कि यह कार आसमान से नहीं बल्कि नेशनल हाईवे 9 की रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी है। गनीमत यह रही कि इस कार के नीचे कोई नहीं आया। घटना समझने के बाद लोग बचाव के लिए दौड़े और कार के अंदर से ड्राइवर को बाहर निकाला। इस हादसे में चालक को गंभीर चोटे आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है।
गाजियाबाद में आसमान से गिरी एसयूवी
जानकारी अनुसार, यह पूरा हादसा नेशनल हाईवे 9 के फ्लाईओवर पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के पास हुआ। हादसे का शिकार हुई इनोवा कार हापुड़ से दिल्ली की तरफ जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार काफी तेज रफ्तार थी। यही कारण है कि, कार फ्लाईओरवर के मोटे ग्रिल को तोड़ते हुए नीचे आ गई। एक प्रत्यक्षदर्शी अनिल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि, मैं फ्लाईओवर के नीचे ही खड़ा था, तभी जोर का धमाका हुआ। जैसे ही सामने देखा लगा कोई कार आसमान से उड़ती हुई आ रही है। जब तक कोई कुछ समझ पाता वह नीचे आ गिरी।
