Saharanpur Accident News: सहारनपुर में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर अचानक बेकाबू होकर कार पर पलट गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि कार देखते ही देखते पूरी तरह डंपर के नीचे दब गई। जिससे अंदर बैठे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में जा रहे थे।
सहारनपुर में भीषण हादसा
खनन सामग्री से भरा डंपर कार पर पलटा
यह भीषण हादसा सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुआ। जिसमें सैयद माजरा के रहने वाले एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। बताया जा रहा है कि परिवार के गंगोह में रहने वाले एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी, जिसके अंतिम संस्कार के लिए परिवार जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनके साथ ही बड़ा हादसा हो गया। खनन सामग्री से भरा हुआ डंपर उनकी कार पर पलट गया। जिससे गाड़ी पूरी तरह पिचक गई।
जेसीबी से कार और डंपर को हटाया गया
इस हादसे से घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिससे रोड पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर, थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। यातायात प्रभारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने में जुट गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कार और डंपर को रास्ते से हटवाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
