New Township in Ghaziabad: गाजियाबाद में एक नया शहर बसाने की तैयारी की जा रही है। इसका डीपीआर तैयार कर लिया गया है, बस शासन से मंजूरी मिलने का इंतजार है। बता दें कि गाजियाबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी जीडीए की बोर्ड बैठक में गाजियाबाद में नए शहर के नए नाम को मंजूरी दे दी गई है। यहां बसने वाला शहर अब नया गाजियाबाद नहीं बल्कि हरनंदीपुरम के नाम से विकसित किया जाएगा। बैठक के दौरान जीडीए ने नए गाजियाबाद को नया नाम देते हुए हरनंदीपुरम किया है। बोर्ड की बैठक में नाम बदलने को लेकर एक प्रस्ताव रखा गया था। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नए नाम के साथ नए शहर के विकास का प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद इस प्रोजेक्ट को जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा। आइए आपको इस टाउनशिप के बारे में विस्तार से बताएं -
गाजियाबाद में नई टाउनशिप
इस शहर की तर्ज पर बसाया जाएगा नया शहर
मिली जानकारी के अनुसार, हरनंदीपुरम (नया गाजियाबाद) को इंदिरापुरम के तर्ज पर बसाया जाएगा। इस शहर को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत बसाया जाएगा। उत्तर में पाइपलाइन रोड, पूर्व में नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड, पश्चिम की ओर हिंडन नदी और दक्षिण में मोरटी तक शहर 541.65 हेक्टेयर में बसाया जाएगा।
ये भी पढ़ें - New Agra City: आगरा के पास बसेगा एक नया शहर, 29 गांवों का होगा अधिग्रहण; जानें कितने हेक्टेयर में होगा विकसित
इन गांवों को होगा अधिग्रहण
योजना को मंजूरी मिलने के बाद सबसे पहले प्राधिकरण द्वारा जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें नगला फिरोजपुर, मोहनपुर, मोरटा, भौपुर, चंपत नगर, अटौर, शमशेर, मथुरापुर, भेंडा खुर्द और शाहपुर मोरटा जैसे गांवों की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि अधिग्रहण के लिए 5 हजार करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना जताई गई है। भूमि अधिग्रहण की लागत का भुगतान राज्य सरकार और जीडीए समान रूप से करेगी।
शहरों का विस्तार
बढ़ती आबादी को देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों की जरूरत को पूरा करने के लिए शहरों के विस्तार की योजना बनाई है। पिछले साल ही मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना को पेश किया गया था। इसके एक हिस्से के तौर पर ही नया गाजियाबाद, जिसका नाम अब हरनंदीपुरम कर दिया गया है, बसाने की योजना बनाई गई है।
नए शहर में ये सुविधाएं होंगी
नए शहर का विकास लोगों की आवश्यकताओं के लिए अनुसार किया जाएगा। टाउनशिप में छोटे-बड़े आवासीय व व्यावसायिक भूखंड होंगे। इसमें स्कूल-कॉलेज, मॉल, ग्रीन एरिया, साइबर सिटी, आईटी पार्क, अस्पताल और रेस्टोरेंट आदि का निर्माण किया जाएगा।
