Ghaziabad News: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के जावली रोड पर डकैती के प्रयास का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस दौरान पीडि़तों द्वारा फायरिंग की गई, जिसकी जद में आए एक व्यक्ति की मौत हो गई। डकैती का यह प्रयास लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के एक रिश्तेदार के घर पर किया गया। बताया जा रहा है कि तड़के पांच से छह बदमाशों ने डकैती का प्रयास किया। उनके रिश्तेदार द्वारा लाइसेंसी पिस्टल से की गई फायरिंग के कारण बदमाशों को भागना पड़ा। इस दौरान गोली लगने पर एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गाजियाबाद एसएसपी मुनिराज जी. के अलावा पुलिस के अन्य आला अधिकारियों ने घटनास्थल का दौर कर हालात का जायजा लिया। पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
गाजियाबाद में विधायक के रिश्तेदार के घर डकैती की कोशिश
योगेंदर मावी के घर डकैती की कोशिश
विधायक के रिश्तेदार योगेंदर मावी अपने परिवार के साथ एसडीएम कॉलोनी के पास जावली रोड पर रहते हैं। प्रापर्टी डीलर का कार्य करने वाले योगेंदर ने गाजियाबाद पुलिस को बताया कि तड़के करीब चार बजे उनका छोटा बेटा केशव टॉयलेट जाने के लिए उठा तो उसने पड़ोस में ताऊ की व्यवसायिक इमारत की छत पर पांच से छह लोगों को देखा। जो योगेंदर के घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। जिसके बाद बेटे ने इसकी जानकारी योगेंदर को दी। योगेंदर किसी अनहोनी के डर से अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर वहां पहुंचा। योगेंदर ने बताया कि वह जैसे ही बालकनी में गए, छत पर मौजूद बदमाशों ने उनपर गोली चला दी, जिसके जवाब में जब उन्होंने फायर किया तो बदमाश भागने लगे।
आहट सुनते ही चलाई गोली, युवक की मौत
योगेंदर ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान बगल वाली बालकनी से भी आहट आने लगी, जिस पर उन्होंने उस दिशा में भी फायरिंग की। गोली चलते ही किसी के चीखने और फर्श पर गिरने की आवाज आई। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जांच के दौरान पुलिस को मौके से गोली के तीन खोखे मिले हैं। इसके अलावा व्यवसायिक इमारत के पीछे खाली जगह में एक लाल रंग की शर्ट मिली है। योगेंदर ने बताया कि ये बदमाश व्यवसायिक इमारत से बांस के सहारे घर में डकैती के लिए घुसने का प्रयास कर रहे थे। जिस संदिग्ध युवक को गोली लगी, वह भी इसी के सहारे सहारे बालकनी तक पहुंचा था। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि योगेंदर मावी के घर में कुछ बदमाशों के घुसने की सूचना पर पहुंची पुलिस को बालकनी में एक मृत संदिग्ध युवक मिला है। घर से किसी सामान की चोरी या लूटा नहीं हुई है। इस मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
