Ghaziabad: हरिद्वार जिले में करीब डेढ़ साल पहले हुए नरसंहार के मुख्य आरोपी को देहरादून एसटीएफ ने गाजियाबाद से दबोचा है। चार लोगों की गोली मार कर हत्या करने का मुख्य आरोपी तालिब घटना के बाद से ही फरार था। यह आरोपी गाजियाबाद के डासना इलाके में अपना नाम बदलकर जेसीबी चलाने का कार्य कर रहा था। यहां पर लोग इसे तारिक के नाम से जानते थे। एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डासना कस्बे के एक घर से आरोपी को दबोचा। जिसके बाद एसटीएफ की टीम आरोपी को अपने साथ हरिद्वार ले गई है।
चार लोगों की हत्या का आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी 28 वर्षीय तालिब हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले खेड़ी खुर्द गांव का रहने वाला है। इसी गांव में जमीन विवाद को लेकर 6 मई 2021 को सहजन आलम, जहीर हसन, मोहम्मद कैफ और हुसैन अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय मृतक एक महिला का शव दफनाकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में कुछ हथियारबंद हमलावरों ने लोगों पर फायरिंग कर दी। इस नरसंहार में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गोली लगने से 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
