Ghaziabad: गला घोंटकर पति-पत्‍नी की हत्‍या से मचा हड़कंप, जांच में पुलिस को मिले अहम सुराग

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 22, 2022, 08:03 PM IST

Ghaziabad: लोनी क्षेत्र में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। दौलत नगर कॉलोनी में रहने वाले एक दंपत्ति की बीती रात गला दबाकर हत्‍या कर दी गई। घटना का खुलासा तब हुआ, जब सुबह बेटी अपने परिजनों से मिलने पहुंची। घटना की जांच के लिए एसपी ग्रामीण के नेतृत्‍व में टीम का गठन किया गया है। पुलिस को अंदेशा है कि, आपसी लेन-देन में करीबी लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

KEY HIGHLIGHTS
  • दौलत नगर इलाके में गला दबा की हुई पति और पत्‍नी की हत्‍या
  • बेटी जब सुबह परिजनों से मिलने पहुंची तो हुआ हत्‍या का खुलासा
  • गाजियाबाद पुलिस को हत्‍या में करीबी लोगों के हत्या में शामिल होने का अंदेशा

Ghaziabad: गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में डबल मर्डर का बड़ा मामला सामने आया है। क्षेत्र के दौलत नगर इलाके में बीती रात एक दंपत्ति की गला दबाकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। हत्‍या का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब बेटी अपने परिजनों से मिलने घर पहुंची। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इस डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए अस्‍पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हत्‍याकांड की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी ने भी पुलिस के आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। उन्‍होंने स्थानीय पुलिस को जल्द पर्दाफाश करने के निर्देश दिए हैं।

Ghaziabad ssp

घटना के बारे में जानकारी देते एसएसपी गाजियाबाद

जानकारी के अनुसार, दौलत नगर कॉलोनी में 65 वर्षीय इब्राहिम अपनी पत्‍नी 52 वर्षीय हाजरा के साथ अकेले रहते थे। इसी कॉलोनी में कुछ दूरी पर उनकी बेटी रहीमा भी रहती है। रहीमा ने पुलिस को बताया कि, वह मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपने परिजनों से मिलने के लिए पहुंची थी। लेकिन जब घर के अंदर दाखिल हुई तो माता-पिता का शव जमीन पर पड़ा हुआ था और घर का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। गाजियाबाद एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि, इस दोहरे हत्‍याकांड की जांच और खुलासे के लिए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में टीम का गठन कर दिया गया है। जल्‍द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

End of Feed