Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से आगामी 15 और 16 अक्टूबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) आयोजित की जानी है। इस परीक्षा को लेकर शासन और प्रशासन की तरफ से तैयार शुरू हो गई है। इस परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने राहत भरी खबर दी है। छात्रों की सुविधा के लिए गाजियाबाद से विभिन्न जिलों के लिए 280 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। यह बसें सुबह से लेकर देर रात तक चलेंगी। इससे परीक्षार्थियों को सुविधा मिलेगी। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर तीन से पांच बजे तक परीक्षा है।
गाजियाबाद में नई सर्विस
इस सुविधा की जानकारी देते हुए यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि, शासन की तरफ से जानकारी दी गई है कि, इस परीक्षा में शामिल होने के लिए इन दो दिनों में गाजियाबाद करीब 83 हजार परीक्षार्थी आएंगे। ये परीक्षार्थी सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली और अमरोहा से जिलों से पहुंचेंगे। इसलिए रोडवेज बसों का परिचालन इन जिलों के बीच 15 अक्टूबर को सुबह 5 बजे से ही शुरू कर दिया जाएगा।
32.4 हजार परीक्षार्थी का बस से सफर करने का अनुमान
क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि शासन का अनुमान है कि करीब 83 हजार परीक्षार्थियों में से 32.4 हजार परीक्षार्थी बसों द्वारा सफर करेंगे। इन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसलिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। परीक्षा के लिए बसों के संचालन हेतु गाजियाबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) को नोडल अधिकार नियुक्त किया गया है।
दिवाली पर भी मिलेगी अतिरिक्त बस की सुविधा
दीपावली पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को इस समय ट्रेन में सीटें नहीं मिल पा रही है। ऐसे में त्योहार पर लोगों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए यूपीएसआरटीसी अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। एके सिंह ने बताया कि, 18 से 24 अक्टूबर के बीच विभिन्न जिलों के बीच करीब 50 बसों का संचालन किया जाएगा। कई बसें उत्तराखंड भी भेजी जाएंगी।
