Ghaziabad New Year Advisory: न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर गाजियाबाद पुलिस ने इस बार शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के अंदर नाकाबंदी करने के साथ दिल्ली व अन्य जिलों के बॉर्डर पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। इन बॉर्डरों पर वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई के लिए करीब 90 पॉइंट पर स्पेशल पुलिस ड्यूटी लगाई है। इन सभी प्वाइंट पर पुलिस पूरी रात तैनात रहेगी। इनमें से ज्यादातर नाकों पर पुलिस टीम ब्रेथ एनालाइजर, क्रेन, एम्बुलेंस और फायर टेंडर के साथ तैनात होगी। जिससे किसी भी अप्रिय घटना से तत्काल निपटा जा सके।
वाहनों की जांच करते गाजियाबाद पुलिस के जवान
इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुड़दंग मचाने वाले शरारती तत्वों पर नकेल कसने के लिए भी गाजियाबाद पुलिस ने विशेष प्रबंध किया है। शनिवार रात पुलिस शहर के सभी प्रमुख बजारों, सड़कों और मॉल के आसपास के क्षेत्र में नाइट विजन ड्रोन कैमरों से नजर रखेगी। गाजियाबाद पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के लिए इस माह यूपी सरकार से 15 ड्रोन मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये ड्रोन किसी अपराधी का पीछा करने में भी बहुत मददगार साबित होंगे। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने बताया कि गाजियाबाद में न्यू ईयर पर 31 दिसंबर की शाम से ही जिले में मोबाइल फेंटम, हाईवे पेट्रोलिंग जिप्सी, यूपी-112 की गाड़ियां लगातार गश्त शुरू कर देंगी।
