लव ट्रायंगल (प्रेम त्रिकोण) में एक प्रेमी ने शादीशुदा औरत के लिए उसके दूसरे आशिक को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि उसे महिला से उसका मिलना-जुलना नहीं पसंद था। वह उसे बहाने से साथ ले गया और गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक की लाश को खेत में छिपा दिया। हालांकि, पुलिस ने मृतक के परिवार के शक जताने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया और मामले का खुलासा कर आरोपी संग उस औरत को भी अरेस्ट कर लिया, जिसके कहने पर यह वारदात हुई।
गांव की रहने वाली जैनम के कहने पर खालिद ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। (स्नैपशॉट)
हत्या का यह मामला उत्तर प्रदेश (यूपी) के गाजियाबाद का है। थाना भोजपुर के तहत कलछीना गांव में 35 साल की जैनम रहती है। उसकी परचून की दुकान है, जबकि उसका पति यासीन दिल्ली में पुताई का काम करता है। बताया जाता है कि वह गाजियाबाद स्थित घर कम ही आता था। 17 साल का सबमर्सिबल मिस्त्री रॉकी सिंह उसकी दुकान पर जाता था। वहीं दोनों की भेंट हुई, जिसके बाद दोनों में प्रेम संबंध पनप गए।
हैरत की बात है कि जैनम का इस बीच खालिद नाम के एक अन्य युवक से भी अफेयर था। कुछ समय बाद जब खालिद को खबर हुई कि जैनम का रॉकी के साथ चक्कर चल रहा है तो वह बड़ा नाराज हुआ। जैनम से उसने इस बात का विरोध जताया और कहा, "मुझे नहीं पसंद कि वह तुम्हारे आसपास फटके।" जैनम इस पर बोली- नहीं पसंद, तो रास्ते से हटा दो।
खालिद इसके बाद बहाने से रॉकी को साथ ले गया। बोला था कि गेहूं की फसल लगानी है। आरोपी खालिद ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसने गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास रॉकी की गला दबाकर हत्या कर दी। शव को वहीं खेत में छिपा दिया था, जो कि बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया था।
दरअसल, रॉकी 28 दिसंबर, 2022 की शाम चार बजे लापता हो गया था। खालिद से जब इस बारे में पूछा गया था तो वह बोला था कि मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो जाने पर वह बीच रास्ते में उसे छोड़कर चला गया था। फिर 30 दिसंबर को रॉकी के पिता ने उसके गायब होने की शिकायत दर्ज कराई और खालिद पर शक जताया। पुलिस ने इसी इनपुट के आधार पर उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की और फिर सच सामने आ सका।
