Ghaziabad Cylinder Blast: गाजियाबाद में गैस सिलेंडर ब्लास्ट का एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां के साहिबाबाद के खोड़ा में स्थित एक मकान में आज सुबह चाय बनाते हुए रसोई गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। यह ब्लास्ट इतना जोरदार था कि घर की दीवारें गिर गई। इस हादसे की चपेट में पूरा परिवार आ गया। हादसे में एक बच्चा सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा सिलेंडर में गैस रिसाव की वजह से हुआ। गाजियाबाद पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना के कारणों की जांच में जुटा है।
गैस सिलेंडर ब्लास्ट में चार गंभीर
जानकारी अनुसार धनंजय सिंह अपने परिवार के साथ खोड़ा में एक पांच मंजिला मकान में रहते हैं। आज सुबह उनकी पत्नी पहली मंजिल पर स्थित रसोई घर में चाय बनाने गई। इस दौरान जैसे ही उन्होंने गैस चूल्हे को जलाने की कोशिश की तो सिलेंडर ने आग पकड़ ली और जब तक कोई कुछ समझ पाता सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस धमाके से घर की दीवारें टूट कर गिर पड़ी और घर का सामान करीब 20 से 30 मीटर दूर तक फैल गया। इस हादसे में धनंजय उनकी पत्नी, उनका बहनोई और उनका छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को गाजियाबाद में प्राथमिक उपचार के बाद सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
