Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से तीन मजदूर घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, पटाखा फैक्टरी में बारूद के घर्षण से विस्फोट हुआ। जिससे आग लग गई और तीन श्रमिक झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं आग में घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सांकेतिक फोटो (istock)
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, यह घटना नहटौर थाना क्षेत्र के सीकरी खुर्द जंगल में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में लगी। धामपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभय कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे सीकरी खुर्द जंगल में भूदेव सिंह की पटाखा फैक्ट्री में एक मजदूर के हाथ से बारूद का सामान छूट जाने के कारण तेज धमाका हुआ और इसके बाद आग लग गई। धमाके के कारण फैक्ट्री के टिनशेड के परखच्चे उड़ गए। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर पहुंचे अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया।
सितंबर 2029 तक वैध है फैक्ट्री
सीओ ने बताया कि श्रमिक आशीष, बालेश और अरुण इस घटना में झुलस गए। बालेश और अरुण मामूली रूप से झुलसे हैं और दोनों की स्थिति सामान्य है, जबकि आशीष के हाथ और पैर में जख्म हैं। उसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार आशीष खतरे से बाहर है। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री का लाइसेंस पांच सितंबर 2029 तक वैध है।
(इनपुट - भाषा)
