त्योहारों का मौसम है। अभी नवरात्र और दुर्गा पूजा की धूम है और फिर धनतेरस, दिवाली और छठ की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में लोग बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात की खरीददारी करते हैं। अक्सर इस दौरान लोग सोने-चांदी के जेवरात की खरीददारी करते समय थोड़ी जल्दबाजी और लापरवाही भी करने लगते हैं। ऐसे ही मौके का फायदा शातिर उठाते हैं। ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने ऐसे ही एक शातिर ज्वैलर को पकड़ा है, जो ननकली सोने व चांदी के आभूषण बेचकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करता है।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर पुलिस में सर्विलांस टीम ने असली बताकर नकली सोने के जेवरात बेचने वाले फर्जी ज्वैलर को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ज्वैलर के कब्जे से सोने व चांदी के नकली जेवर, सिक्का, नकली मूर्तियां और एक इलेक्ट्रॉनिक टैग प्रिंटर मशीन व नकद रुपये भी बरामद किये हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि फर्जी ज्वैलर पंकज कपूर के खिलाफ 10 मुकदमे मिले हैं।
आरोपी लोगों को असली सोने के नाम पर नकली जेवर बेचकर धोखाधड़ी करता था। यही नहीं कई लोग जब उसके पास सोना गिरवी रखकर कैश लोन लेते थे तो वह उनके साथ भी धोखाधड़ी करते उनके असली सोने को नकली से बदल देता था। इसी साल मार्च में पीड़ित सौरभ ने आरोपी ज्वैलर के पास सोने की चेन गिरवी रखकर 1 लाख, 30 हजार रुपये लिए थी। सौरभ ने जब 1 लाख रुपये वापस कर दिए और मात्र 30 हजार रुपये का लोन बाकी रह गया तो आरोपी ज्वैलर ने उनसे संपर्क करना बंद कर दिया।
यही नहीं, आरोपी ने अप्रैल में दिवाकर नाम के एक व्यक्ति को सोने के चार नकली बिस्किट 50, 30, 30 व 35 ग्राम के और सोने का एक हार भी भी दिए। इसके बदले उसने 15 लाख रुपये नकद लिए। बाद में पीड़ित दिवाकर को पता चला कि उसे जो जेवर और सोने के बिस्किट दिए गए हैं, वह नकली धातु व चांदी के बने हुए हैं।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी फर्जी ज्वैलर को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। इस फर्जी ज्वैलर की पहचान पंकज कपूर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा में पानीपत का रहने वाला है। वर्तमान में वह गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के साया गोल्ड एवेन्यू में रह रहा था।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सोने व चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें 61 कड़े व कंगन, 71 अंगूठी, 25 गले की चेन, 26 मंगलसूत्र, 8 ब्रेसलेट, 170 झुमकी, 44 नोट सिल्वर धातु के और 93 नोट सिल्वर पैकिंग अलग-अलग धातुओं के साथ ही 50 हजार से ज्यादा नकद भी शामिल हैं।
