Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बृहस्पतिवार शाम सड़क किनारे एक ढाबे में खाना बनाने वाले रसोइये को सोशल मीडिया तेजी से वायरल हो रही वीडियो के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि सोशल मीडिया पर जारी इस वीडियो में रसोइया चपाती बनाने वाले आटे पर थूकता नजर आया था, जिसके चलते पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ रोड पर वर्धमान पुरम पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे स्थित एक ढाबे पर हुई।
गाजियाबाद में रोटी के आटे पर थूकने वाला रसोइया गिरफ्तार (Photo- Canva)
चपाती पर थूकते हुए वीडियो वायरल
न्यूज एजेंसी पीटाई के अनुसार, अधिकारी ने बताया कि ढाबे पर खाना लेने और खाने गए कुछ ग्राहकों ने रसोइये को आटे और चपातियों पर थूकते हुए देखा। जिसके बाद उन्होंने इस घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गई। वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी रसोइया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि रसोइये की पहचान मुरादनगर कस्बे के रहने वाले जावेद अंसारी के रूप में हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त (कविनगर) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि ‘चिकन पॉइंट’ ढाबे का मालिक वसीम नामक व्यक्ति है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के समय मालिक दुकान पर मौजूद था या नहीं। एसीपी ने कहा कि पुलिस ढाबे के लाइसेंस की वैधता की भी जांच कर रही है और घटना में मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि ढाबे के मालिक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई के लिए मामले की रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभागों को भेज दी गई है।
गाजियाबाद में खाने पर थूकने के मामले
बता दें कि गाजियाबाद में खाने में थूकने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आए हैं, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई की है। इस तरह की वीडियो आए दिन सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है, जिस पर पुलिस की प्रतिक्रिया देखने को मिलती है।
(इनपुट - भाषा)
