Indirapuram Fire: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में गुरुवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब न्याय खंड-1 में काला पत्थर रोड पर इंस्टामार्ट के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को तत्काल जानकारी दी गई, जिसके बाद दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
इंस्टामार्ट गोदाम से उठती लपटों ने बढ़ाई दहशत
आसपास के इलाके फैली दहशत
आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया। गोदाम में मौजूद सभी कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। आग की लपटें आसपास स्थित फ्लैटों तक पहुंचने लगी थीं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर नजदीकी इमारतों को खाली कराया गया। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
दमकल विभाग, SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग के साथ एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को भी राहत और बचाव कार्य में लगाया गया। अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे इलाके में काफी हलचल देखने को मिली।
दो घंटे के बाद पाया गया आग पर काबू
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि अधिकारियों के मुताबिक घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। आग से गोदाम में कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन संबंधित विभागों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
