Ghaziabad News: आपमें से बहुत से लोगों ने कंगना रनौत की रिवॉल्वर रानी नाम की फिल्म देखी होगी। लेकिन सिनेमा की दुनिया से दूर रियल लाइफ में एक बेटी रिवॉल्वर रानी बन गई। जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के साहिबाबाद में कार लोन के वेरिफिकेशन से इनकार करने पर एक बेटी ने अपने ही पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि पहले गाली-गलौज और हाथापाई हुई, फिर युवती वहां से चली गई। लेकिन करीब 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ दोबारा पहुंची और घर का मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गई। इसके बाद पिता और भाभी पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी देने का आरोप है।
कार लोन वेरिफिकेशन को लेकर पिता से भिड़ी बेटी
पिता ने किया कार लोन के वेरिफिकेशन से इनकार
पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। मामला थाना साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है। पीड़ित पिता हितेश तोमर के मुताबिक, उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। आरोप है कि 8 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे प्रियंका अपनी सहेली के साथ घर पहुंची और कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पिता से बातचीत की। हितेश तोमर ने वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया।
गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी
आरोप है कि इसी बात को लेकर प्रियंका ने पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ भी हाथापाई की गई। हंगामा बढ़ा तो पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवती वहां से चली गई। लेकिन करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची। आरोप है कि इस बार उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना साहिबाबाद में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
